Chandra Grahan 2025: 7 या 8 सितंबर कब लगेगा सबसे लंबा पूर्ण चंद्रग्रहण? 82 मिनट तक लाल दिखेगा चांद! ऐसे देखें लाइव
Chandra graham 2025 livestreaming: 7-8 सितंबर को साल का दूसरा और अंतिम पूर्ण चंद्रग्रहण होगा। यह 82 मिनट तक चलेगा और 'ब्लड मून' का अद्भुत दृश्य भारत, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और यूरोप से देखा जा सकेगा। जानिए टाइमिंग, दृश्यता और लाइव स्ट्रीमिंग का तरीका...
साल 2025 के दूसरे चंद्रग्रहण का इंतजार बस खत्म होने वाला है। अगले महीने, सितंबर 2025 में साल का दूसरा और अंतिम पूर्ण चंद्रग्रहण (Full Lunar Eclipse) लगने जा रहा है। इस दौरान दुनिया के कई हिस्सों में आसमान में लाल ‘ब्लड मून’ का अद्भुत नज़ारा दिखाई देगा। सितंबर महीना स्काईवॉचर्स को कई शानदार खगोलीय घटनाएं देखने को मिलेंगी। 7-8 सितंबर को पूर्ण चंद्रग्रहण होने की संभावना है। यह पूर्ण चंद्रग्रहण लगभग 82 मिनट तक चलेगा और इसमें लाल चमकता हुआ चांद दिखाई देगा।
कब होता है पूर्ण चंद्र ग्रहण
पूर्ण चंद्रग्रहण तब होता है जब पृथ्वी, चांद और सूर्य के बीच आ जाती है और चांद पृथ्वी की छाया में चला जाता है। हालांकि, चांद पूरी तरह अंधेरे में गायब नहीं होता, बल्कि लाल रंग का दिखाई देता है। यह अद्भुत घटना रेली स्कैटरिंग (Rayleigh scattering) नामक घटना के कारण होता है।
यह चंद्रग्रहण एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और यूरोप भर में दिखाई देगा, जबकि भारत के प्रमुख शहरों में भी मौसम की स्थिति के अनुसार इसका अद्भुत नज़ारा देखा जा सकेगा।
पूर्ण चंद्रग्रहण, जिसे अक्सर “ब्लड मून” भी कहा जाता है, चांद को चमकते हुए गहरे लाल गोले में बदल देगा। माना जा रहा है कि यह ग्रहण हाल के वर्षों में सबसे लंबे और सबसे स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले चंद्रग्रहणों में से एक होगा। आपको बता दें कि इस साल का पहला चंद्रग्रहण मार्च में लगा था और यह अमेरिका में दिखाई दिया था।
कहां-कहां दिखाई देगा पूर्ण चंद्रग्रहण
7-8 सितंबर को लगने वाला चंद्रग्रहण एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और यूरोप के विभिन्न हिस्सों में पूर्ण चंद्रग्रहण देखा जा सकेगा। भारत में यह नजारा प्रमुख शहरों- दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, हैदराबाद और चंडीगढ़ से साफ तौर पर दिखाई देगा। हालांकि, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि मौसम अनुकूल हो और बादल या प्रदूषण इसकी दृश्यता में बाधा न डालें।
ग्रहण की शुरुआत 7 सितंबर को रात 8:58 बजे (IST) / 15:25 UTC पर होगी और इसका समापन 8 सितंबर को सुबह 2:25 बजे (IST) / 20:55 UTC पर होगा।
इस दौरान चांद लाल रंग का हो जाएगा और यह अद्भुत दृश्य लगभग 82 मिनट तक दिखाई देगा। यह अवधि 7 सितंबर रात 11:00 बजे (IST) / 17:30 UTC से शुरू होकर 8 सितंबर सुबह 12:22 बजे (IST) / 18:52 UTC तक चलेगी।
चंद्रमा क्यों हो जाता है लाल?
जब पृथ्वी सीधे सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है तो उसकी सबसे गहरी छाया जिसे अम्ब्रा (Umbra) कहते हैं, चांद की सतह पर पड़ती है। इसी वजह से पूर्ण चंद्रग्रहण होता है। इस दौरान चांद अंधेरे में गायब नहीं होता, बल्कि तांबे और गहरे लाल रंग की आभा में चमकता है।
इस अद्भुत लेकिन रहस्यमयी दृश्य का कारण है पृथ्वी का वायुमंडल। जब सूर्य का प्रकाश वायुमंडल से होकर गुजरता है, तो वह छोटे तरंग दैर्ध्य वाली किरणों (जैसे नीली और बैंगनी) को छान देता है और केवल लंबे तरंग दैर्ध्य वाली लाल और नारंगी रोशनी चाँद तक पहुँचती है। इसी वजह से चंद्रग्रहण के दौरान चांद लाल दिखाई देता है।
कहां और कैसे देखें चंद्रग्रहण
Timeanddate.com पर एक सिटी लुकअप टूल उपलब्ध है, जहां आप अपने शहर का नाम एंटर करके चंद्रग्रहण का सटीक समय जान सकते हैं।
लाइव स्ट्रीमिंग
अगर आप ऐसे क्षेत्र में नहीं हैं जहां से चंद्रग्रहण दिखाई देगा, तो भी आप इसे लाइव देख सकते हैं। इटालियन खगोलभौतिकीविद जियानलुका मासी द्वारा संचालित Virtual Telescope Project यूट्यूब पर इस चंद्रग्रहण और “ब्लड मून” का सीधा प्रसारण करेगा।
विशेष खगोलीय संयोग
यह पूर्ण चंद्रग्रहण उस समय होगा जब चांद पेरिजी (Perigee) यानी पृथ्वी के सबसे नज़दीकी बिंदु पर पहुंचने से लगभग तीन दिन पहले होगा। इसका मतलब है कि चंद्रमा सामान्य से थोड़ा बड़ा दिखाई देगा।
अगला चंद्रग्रहण कब?
7 सितंबर के बाद अगला पूर्ण चंद्रग्रहण मार्च 2026 की शुरुआत में होगा। यह उत्तर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और पूर्वी एशिया से दिखाई देगा।
0 टिप्पणियाँ